प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
अपने सात दिन के अमेरिका दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुप्रतीक्षित हाउडी मोदी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में भी संबोधन देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी देश के आंतरिक मसलों के साथ-साथ कई अन्य मुद्दों पर भी बात करेंगे। आइए जानते हैं कि प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे पर कौन से मुद्दे प्रमुख होंगे।
'हाउडी मोदी'
22 सितंबर को अमेरिका के ह्यूस्टन शहर में प्रधानमंत्री भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी रहेंगे। कयास लगाए दा रहे हैं कि इस दौरान प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने और कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर बात कर सकते हैं। बता दें कि पाकिस्तान भारत के इस फैसले का जमकर विरोध कर रहा है और भारत ने इसे पूरी तरह से आंतरिक मामला बताया है।
20 देशों के नेताओं से मुलाकात
21 से 27 सितंबर तक की अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सभी महाद्वीपों के नेताओं के साथ करीब 20 बैठकें करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बात करने के साथ-साथ वह अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत की भूमिका की भी चर्चा कर सकते हैं।
आतंकवाद पर नहीं रहेगा खास जोर
प्रधानमंत्री मोदी 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विकास, जलवायु परिवर्तन और अन्य द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय मुद्दों को उठाएंगे। वह आतंकवाद पर भी बात करेंगे, लेकिन इस पर जोर देने के स्थान पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
गांधी को समर्पित कार्यक्रम में भी लेंगे हिस्सा
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के मौके पर पीएम मोदी 24 सितंबर को एक विशेष कार्यक्रम 'नेतृत्व का विषय : समसामयिक विश्व में गांधी की प्रासंगिकता' में शिरकत करेंगे। इसमें अन्य देशों के नेता भी भाग लेंगे।