भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक के जवाब में एफ-16 से कार्रवाई करने पर पाकिस्तान बुरी तरह फंसता नजर आ रहा है। अमेरिका ने भारत के खिलाफ एफ-16 विमानों के दुरुपयोग को लेकर पाकिस्तान से जवाब मांगा है। दरअसल, पाक को विमान इसी शर्त पर दिए गए थे कि इसका इस्तेमाल आतंकवाद के खात्मे के लिए ही होगा। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कोन फॉकनर ने कहा, हमारे पास इस बारे कुछ रिपोर्ट हैं और इसे लेकर कुछ और तथ्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी।
बेनकाब हुआ पाक
लड़ाकू विमान एफ-16 की निर्माता अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने पाकिस्तान का एक और झूठ बेनकाब किया है। कंपनी ने पाकिस्तान के उस दावे को गलत बताया कि वह भारत के खिलाफ केस करने जा रही है। पाकिस्तानी मीडिया में ऐसी खबरें चल रही थीं कि मिग-21 से एफ-16 को मार गिराने का दावा करने पर कंपनी भारत के खिलाफ केस करेगी। पाक सेंसर बोर्ड अध्यक्ष दनियाल गिलानी सहित कुछ अन्य अधिकारियों ने ऐसी खबरें री-ट्वीट कर झूठ फैलाने की कोशिश की थी।
पाक की बेशर्मी
पुलवामा आतंकी हमले के बाद चौतरफा आलोचना झेल रहा पाकिस्तान बेशर्मी पर उतर आया है। सुबूत मिलने पर कार्रवाई की बात कहने वाले पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी हमले के जिम्मेदार आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का बचाव करने लगे हैं। कुरैशी ने कहा, उन्हें इस बात पर भरोसा नहीं कि पुलवामा हमले के पीछे जैश का हाथ है।
पाक ने दी मसूद अजहर को पनाह
पुलवामा हमले का जिम्मेदारा जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उसकी किडनी फेल हो चुकी है और वह डायलिसिस पर है। बीमारी के समय में उसे पाकिस्तानी सेना ने पनाह दी है और उसका रावलपिंडी में सेना अस्पताल में ही इलाज हो रहा है।