साध्वी रेप केस में शुक्रवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सीबीआई कोर्ट से दोषी करार दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने राज्य में हिंसा की। इस पर हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई। राम रहीम पर फैसले के बाद मचाए गए उपद्रव पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की फुलबेंच सुनवाई हुई।
पुलिस ने हाईकोर्ट को मामले में अब तक की रिपोर्ट सौंपी थी। जिसके बाद चीफ जस्टिस एस सिंह सारों, जस्टिस अवनीश झिंगन और जस्टिस सूर्यकांत की बेंच ने हरियाणा सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि हालात देखने से लगता है कि सरकार ने सरेंडर कर दिया और राजनीतिक फायदे के लिए शहर को जलने दिया।
पढ़ें- अमर उजाला पोल: डेरा की संपत्ति से हो हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई
हाईकोर्ट ने आगे सरकार से पूछा कि किन अफसरों ने गलत सूचना दी थी, किन अफसरों ने गुमराह किया, उनके नाम बताएं जाएं। हाईकोर्ट ने कहा कि उपद्रव में हुए नुकसान की भरपाई डेरा सच्चा सौदा करेगा। इसके लिए राम रहीम की संपत्ति को कब्जे में लिया जाए। सभी संपत्ति को सील किया जाए और अगले आदेश तक बेची नहीं जा सकेगी।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'राजनीतिक फायदे के लिए राज्य सरकार ने शहर जलने दिया। क्या आपको भी ऐसा लगता है?
पोल के जवाब में हमें कुल 11,298 वोट मिले। इनमें 75.56 फीसदी (8537 वोट) पाठकों ने माना कि राजनीतिक फायदे के लिए हरियाणा सरकार ने शहर जलने दिया, जबकि 21.27 फीसदी (2403 वोट) पाठकों ने माना कि राजनीतिक फायदे के लिए राज्य सरकार ने ऐसा नहीं किया है। वहीं 3.17 फीसदी (358 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।