बीसीसीआई ने 2 जून से शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के बाद से चुनी गई टीम में युवा खिलाड़ियों की अनदेखी पर सवाल उठने लगे हैं। 15 सदस्यीय टीम में चयनकर्ताओं ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों खासकर ऋषभ पंत और कुलदीप यादव को भी नजरअंदाज कर दिया।
इन दोनों युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित किया है। हालांकि, चयनकर्ताओं ने टीम किसी भी तरह का फेरबदल नहीं किया। खिताब का बचाव करने उतर रही टीम इंडिया के लिए चयनकर्ताओं ने पुराने खिलाड़ियों पर विश्वास जताया है। चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड के खिलाफ घरलू सीरीज में खेलने वाली टीम को ही चैंपियंस ट्रॉफी में भेजना उचित समझा।
टीम इंडिया के चयन को कई लोग सही नहीं मान रहे, उनको लग रहा है चयनकर्ताओं ने कहीं न कहीं युवाओं की अनदेखी की है। इसी मुद्दे को लेकर अमर उजाला ने पोल कराया। पोल में सवाल किया गया कि क्या आप भी मानते हैं कि चयनकर्ताओं ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी टीम में युवाओं की अनदेखी की? इस सवाल पर लोगों ने अपनी राय का खुलकर इजहार किया।
सबसे ज्यादा 74.48% (5723) पाठकों का मानना है कि चयनकर्ताओं ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी टीम में युवाओं की अनदेखी की है। वहीं, 22.2% (1706) पाठक इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। इसके अलावा 3.32% (255) पाठकों ने इस सवाल का जवाब देने में असमर्थता जताई। पोल में कुल 7684 पाठकों ने हिस्सा लिया।