कर्नाटक में अलग झंडे के विवाद का मामला आने के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा राज्य के लिए अलग झंडे की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने आगे कहा कि देश में कुल 29 राज्य हैं और सभी राज्य अपना अलग झंडा रख सकते हैं इसके लिए साफ तौर पर नियम हैं।
थरूर ने कहा कि एक झंडा राष्ट्रविरोधी नहीं हो सकता है। जब वह राज्य के कल्चर और वहां की जतना को प्रदर्शित करता हो। उन्होंने इसका विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि इसको लेकर नियम स्पष्ट होने चाहिए । उन्होंने अपनी बात को जारी रखते आगे कहा कि कुछ खास अवसर पर राष्ट्र का झंडा राज्य के झंडे की जगह नहीं ले सकता है। हालांकि इन दोनों झंडों की लंबाई में फर्क होना चाहिए क्योंकि जब राष्ट्र और राज्य का झंडा किसी मौके पर फहराए जाएं तो राष्ट्र का झंडा बड़ा होना चाहिए।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'राज्यों के अलग झंडे पर कांग्रेस नेता शशि थरूर के बयान से क्या आप सहमत हैं?'
पोल के जवाब में हमें कुल 12,053 वोट मिले। इनमें 12.38 फीसदी (1492 वोट) पाठकों ने हां में जवाब दिया, जबकि 85.72 फीसदी (10332 वोट) पाठकों ने माना कि वह थरूर के बयान से सहमति नहीं रखते। वहीं 1.9 फीसदी (229 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।