भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकवादियों को समर्थन देने और दो सैनिकों की बर्बरतापूर्वक हत्या का बदला ले लिया। सेना ने कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की एक चौकी को तबाह कर दिया। सेना ने इस कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया। ये वीडियो 24 सेकेंड का है। वीडियो में नजर आ रहा है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की 10 चौकियों को तबाह कर दिया।
सेना ने कहा कि 9 मई को इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया था। इस ऑपरेशन में जिन हथियारों का प्रयोग किया गया था उनमें रॉकेट लांचर, एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल, ग्रेनेड लांचर और रिकॉयल्लेस गन शामिल थे।
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अशोक नरूला ने कहा कि पाक सेना हमेशा आतंकवादियों को भारत में घुसपैठ कराने में मदद करती है। बर्फ पिघलने के बाद इसमें और बढ़ोतरी हो जाती है। इनको रोकने के लिए सेना ने कार्रवाई की और पाक सेना की चौकी को पूरी तरह से तबाह कर दिया।
इसी मुद्दे पर अमर उजाला ने पाठकों की राय जानने के लिए पोल कराया। पोल में सवाल किया गया कि क्या आप मानते हैं कि नौशेरा में भारत की कार्रवाई के बाद पाक अपनी हरकतों से बाज आएगा? इस सवाल पर लोगों ने अपनी राय का खुलकर इजहार किया।
पोल में कुल 12986 पाठकों ने हिस्सा लिया। सबसे ज्यादा 81.25% (10551) पाठकों मानतें हैं कि नौशेरा में भारत की कार्रवाई के बाद पाक अपनी हरकतों से बाज आएगा। वहीं, 14.61% (1897) पाठक इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। उनका मानना है कि नौशेरा में भारत की कार्रवाई के बाद पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आने वाला। इसके अलावा 4.14% (538) पाठकों ने इस सवाल का जवाब देने में असमर्थता जताई।