अमर उजाला उत्तराखंड संवाद 2025 में सिनेमा, खेल और अध्यात्म का संगम होगा। इसमें बॉलीवुड के अन्ना सुनील शेट्टी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर फिरकी किंग हरभजन सिंह और आध्यात्मिक गुरु स्वामी कैलाशानंद गिरी अनुभव साझा करने के साथ सफलता के गुरुमंत्र भी देंगे। 10 जून को हरिद्वार रोड स्थित होटल सेफर्ट सरोवर प्रीमियर में दिनभर चलने वाले कार्यक्रम में राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे।
देवभूमि के विकास पर मंथन के लिए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अमर उजाला की ओर से संवाद उत्तराखंड का आयोजन 10 जून को होने जा रहा है। इसमें देश की नामी गिरामी हस्तियां एक मंच पर राजनीति, रक्षा, स्वास्थ्य, सिनेमा, खेल और अध्यात्म पर चर्चा करेंगी। उत्तराखंड के विकास और प्रदेश के युवाओं के कॅरिअर व भविष्य की योजनाओं पर भी बात होगी।
स्वामी कैलाशानंद गिरी आकर्षण का केंद्र होंगे
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होने वाले संवाद में आध्यात्मिक गुरु स्वामी कैलाशानंद गिरी आकर्षण का केंद्र होंगे। इस दौरान स्वामी कैलाशानंद गिरी अपने अनुभव साझा करेंगे और सफलता का मंत्र भी देंगे। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि कार्यक्रम में दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन पर भी अपनी बात रखेंगे।
आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक मंच पर पहुंचाने वाले युगदृष्टा
अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण को समर्पित स्वामी कैलाशानंद गिरि न केवल परमार्थ निकेतन और कैलाश आश्रम के प्रतिष्ठित पीठाधीश्वर हैं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक मंच पर पहुंचाने वाले युगदृष्टा भी हैं। वे आधुनिक विज्ञान और सनातन धर्म के समन्वय के पक्षधर हैं और युवाओं को धर्म से जोड़ने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावशाली उपयोग करते हैं।
बचपन में ही घर त्यागकर धर्म का रास्ता चुना
1976 में बिहार के जमुई में स्वामी कैलाशानंद गिरि का जन्म एक मध्यम परिवार में हुआ। बचपन में ही घर त्यागकर धर्म का रास्ता चुन लिया और वे भगवान की भक्ति में इस कदर रम गए कि फिर कभी परिवार की तरफ देखा ही नहीं। स्वामी कैलाशानंद गिरी का प्रभाव केवल धार्मिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी है। कई राजनेता, कलाकार और अन्य प्रसिद्ध हस्तियां उनसे आशीर्वाद लेने आते हैं।
ये हस्तियां भी होंगी शामिल
संवाद में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मशहूर कमेंटेटर व पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी, परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर लखन रावत, नीतू बिष्ट व तान्या मित्तल, मोटिवेशनल स्पीकर गौर गोपाल दास, मिराई एसेट के वाइस चेयरमैन व सीईओ स्वरूप मोहंती, वेंचर कैटलिस्ट डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा शामिल होंगे। शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए देश-विदेश में ख्याति प्राप्त डॉ. अभय बंग भी संवाद में राज्य के परिप्रेक्ष्य में अपने विचार रखेंगे।