योगी आदित्यनाथ जब से उत्तर प्रदेश के सीएम योगी बने हैं, उनका राजनैतिक दायरा बढ़ सा गया है। सूबे में उनकी जय-जयकार हो रही है। अब ज्यादातर पाठक भी मानते हैं कि दिल्ली के एमसीडी चुनाव में योगी के प्रचार करने से बीजेपी को फायदा पहुंचेगा।
दरअसल, बुधवार को खबर आई कि एमसीडी चुनाव प्रचार की कमान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों में होगी। वह 12 केंद्रीय मंत्रियों और 9 मुख्यमंत्रियों के साथ बीजेपी का परचम लहराने के लिए राजधानी में दिन-रात एक करेंगे।
गौर करने वाली बात यह भी है कि वर्तमान में योगी सोशल मीडिया पर पीएम मोदी पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। कहने वाले तो यहां तक कह रहे हैं कि भाजपा को योगी के रूप में पीएम का मोदी का विकल्प मिल गया है। लाइम लाइट में चल रहे योगी को लेकर अमर उजाला ने अपने पोल के जरिए पाठकों की राय जाननी चाही। पोल में सवाल किया गया कि क्या दिल्ली एमसीडी चुनाव में योगी आदित्यनाथ के प्रचार करने से बीजेपी को फायदा मिलेगा?
सवाल के जवाब में बढ़-चढ़कर प्रतिक्रियाएं आईं। सबसे ज्यादा 77.81 फीसदी (8574) पाठकों ने कहा कि योगी के प्रचार करने से एमसीडी चुनाव में बीजेपी को फायदा मिलेगा। 19.85 फीसदी (2187) पाठकों ने कहा कि योगी के प्रचार करने से एमसीडी चुनाव में बीजेपी को फायदा नहीं होगा। वहीं, 2.34 फीसदी (258) पाठकों ने सवाल का जवाब देने में असमर्थता जताई। पोल में कुल 11019 पाठकों ने हिस्सा लिया।