कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी और केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। उनके इस एलान के बाद कुछ हंगामा मचा था। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर अमेठी से भागने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस ने इसकी वजह दक्षिण भारत में पार्टी की स्थिति मजबूत करना बताया।
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब कोई कोई बड़ा नेता एक से अधिक सीट से चुनाव लड़ रहा हो। इससे पहले भी कई नेताओं ने एक से ज्यादा सीट पर एक साथ चुनाव लड़ा। अगर पिछले ही चुनाव की बात करें तो भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी रहे नरेंद्र मोदी ने यूपी की वाराणसी और गुजरात की वडोदरा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसके अलावा यह परंपरा विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिलती है।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या प्रत्याशियों का एक से अधिक सीटों से चुनाव लड़ना सही है?'
पोल के जवाब में हमें दस हजार से अधिक वोट मिले। इनमें 83.45 फीसदी पाठकों ने माना कि प्रत्याशियों का एक से अधिक सीटों से चुनाव लड़ना गलत परंपरा है। जबकि 16.55 फीसदी पाठकों ने प्रत्याशियों के एक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने को सही ठहराया है।