कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मैच में कप्तान विराट कोहली ने एक और इतिहास रच दिया। कोहली ने कानपुर में अपनी शतकीय पारी के दौरान वन डे में सबसे तेज 9000 रन बनाने का कीर्तिमान रच दिया।
कोहली ने करियर में 203 मैच की 194 पारी के दौरान 9000 रन पूरे किए हैं। उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के एबी डीवीलियर्स ने 205 पारी में यह आंकड़ा छुआ था। कोहली के अब वन डे में 9030 रन हो गए हैं। सौरव गांगुली ने 228 तथा सचिन तेंदुलकर ने 235 पारियों में यह आंकड़ा पार किया। ब्रायन लारा ने 239 पारियों में 9000 रन पूरे किए थे।
कप्तान के रूप में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकी पोंटिंग का विश्व रिकॉर्ड विराट कोहली ने तोड़ दिया है। पोंटिंग ने इससे पहले 2007 में बतौर कप्तान सबसे अधिक 1424 रन बनाए थे। कोहली इस साल अब तक 1460 रन बना चुके हैं। कानपुर में कोहली ने 105 गेंदों में 113 रन बनाए। यह उनका वन डे करियर में 32 वां शतक है। इसी सीरीज के पहले मैच में मुंबई में कोहली ने शतक लगा ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के 30 शतकों का रिकॉर्ड तोड़ा था।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आप मानते हैं कि विराट कोहली वनडे में सर्वकालिक महान बल्लेबाज बनने की ओर हैं? इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 11527 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 83.46 फीसदी यानि 9620 पाठकों ने माना कि कोहली सर्वकालिक महान बल्लेबाज बनने की ओर अग्रसर हैं। जबकि 13.06 फीसदी पाठक यानि 1506 फीसदी पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 3.48 फीसदी यानि 401 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।