मुकेश अंबानी के रिलायंस जियो की लांच तारीख बताने के अगले ही दिन समाचार पत्रों और टीवी चैनलों में छाए पीएम मोदी की तस्वीर के साथ जियो के विज्ञापन से घमासान मचा गया है। विज्ञापन में कहा गया था कि रिलायंस जियो करोड़ों भारतीयों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित है।
इस विज्ञापन को लेकर ट्विटर, फेसबुक से लेकर सड़क चौराहे तक आम लोगों के बीच खूब बहस हो रही है। रिलायंस इंडस्ट्री ने अपने इस विज्ञापन में डिजिटल इंडिया की आड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'जियो सर्विस' के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर पेश किया है। इस मुद्दे पर अमर उजाला द्वारा करवाए गए पोल में जनता ने विज्ञापन में प्रधानमंत्री की तस्वीर के इस्तेमाल को गलत बताया है।
अमर उजाला डॉटकॉम ने इस मुद्दे पर "क्या किसी निजी कंपनी के विज्ञापन में प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करना सही है?" के सवाल पर ऑनलाइन पोल करवाया था। जिसमें काफी संख्या में लोगों ने वोट किया। कुल 4,117 लोगों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी।
इनमें पाठकों को कुल तीन विकल्प दिए गए थे। पहला- हां, प्रधानमंत्री की फोटो का इस्तेमाल करना सही है। दूसरा- नहीं, फोटो का इस्तेमाल पूरी तरह से गलत है और तीसरा- इस मामले में कुछ कह नहीं सकते।
कुल 4,117 पाठकों में से सबसे अधिक 72.43 फीसद यानी 2,982 पाठकों ने दूसरे विकल्प को चुना। इनका मानना है कि किसी निजी कंपनी के विज्ञापन में प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल पूरी तरह से गलत है। वहीं 24.65 फीसद यानी 1,015 पाठकों ने कहा कि प्रधानमंत्री की तस्वीर का विज्ञापन के लिए इस्तेमाल करने में कुछ भी गलत नहीं है। 2.91 फीसद यानी 120 पाठकों का मानना है कि वो अभी से कुछ नहीं कह सकते।