गुरुवार (8 मार्च) को आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा के सवाल पर आखिरकार तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने राजग सरकार से नाता तोड़ लिया। राजग सरकार में टीडीपी कोटे के दोनों मंत्रियों अशोक गणपतिराजू और वाईएस चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।
बता दें कि टीडीपी ने फिलहाल सरकार से नाता तोड़ा है एनडीए से नहीं। नायडू ने कहा था कि पार्टी जल्द ही गठबंधन में बने रहने या न बने रहने का फैसला करेगी। माना जा रहा है कि तेलुगु देशम पार्टी के मंत्रियों के इस्तीफे का असर आने वाले चुनावों पर पड़ेगा।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या तेलुगु देशम पार्टी के मंत्रियों के इस्तीफे का असर आने वाले चुनावों पर पड़ेगा?'
पोल के जवाब में हमें कुल 2,532 वोट मिले। इनमें 51.15 फीसदी (1,295 वोट) पाठकों ने माना कि तेलुगु देशम पार्टी के मंत्रियों के इस्तीफे का असर आने वाले चुनावों पर पड़ेगा, जबकि 48.85 फीसदी (1,237 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि टीडीपी के मंत्रियों के इस्तीफे का असर आने वाले चुनावों पर नहीं पड़ेगा।