उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सभी पार्टियों के नेता राजनीतिक समीकरण बनाने में लगे हैं। तरह-तरह के बयान देकर ध्रुवीकरण की कोशिश की जाएगी। इसी क्रम में हमने इस बार अपने ऑनलाइन पाठकों से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आरएसएस पर दिए गए उस बयान पर प्रतिक्रिया जाननी चाही जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था- कि महात्मा गांधी की हत्या आरएसएस ने की है।
ज्यादातर पाठकों का मानना है कि आरएसएस को लेकर दिए बयान पर अड़े रहने से राहुल गांधी को राजनीतिक फायदा नही होने वाला है। अमर उजाला ऑनलाइन पोल में इस बार का प्रश्न था- आरएसएस को लेकर दिए बयान पर अड़े रहने से राहुल गांधी को राजनीतिक फायदा होगा? इसके लिए पाठकों को तीन विकल्प दिए गए थे। 'हां', 'नहीं', और तीसरा 'कह नहीं सकते'।
इस बार ऑनलाइन में 3,469 पाठकों ने हिस्सा लिया। जिनमें ज्यादातर पाठकों ने नहीं वाले विकल्प को चुना। 2,384 यानी 68.72 फीसद लोगों का मानना है कि राहुल गाधी को अपने उस बयान से कोई राजनीतिक फायदा नहीं होने वाला है।
975 यानी 28.11 फीसद पाठकों ने 'हां' विकल्प को चुना। इन पाठकों का मानना है कि राहुल गांधी के बयान से उन्हें राजनीतिक फायदा मिलेगा। 110 यानी 3.17 फीसद पाठक कुछ कहने की स्थिति में नही हैं। अर्थात उन्होंने तीसरा विकल्प चुना- 'कुछ कह नही सकते।'