बॉलीवुड में बीते कुछ समय में इतिहास पर आधारित फिल्मों का चलन बढ़ा है। अक्सर देखा गया है कि ये फिल्में रिलीज से पहले ही विवादों का हिस्सा बन जाती हैं।
इस बीच फिल्म 'पद्मावती' के विरोध में भाजपा के वरिष्ठ विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा है। वरिष्ठ भाजपा विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने आरोप लगाया है कि राजस्थान सरकार ने ही व्यवचारी हमलावर अलाउद्दीन खिलजी को चित्तौड़गढ़ की रानी पद्मावती का प्रेमी बताया है।
राजस्थान में दीनदयाल वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी ने आज पत्रकारवार्ता में कहा कि 'पद्मावती' को लेकर उठे विवाद की जड़ संजय लीला भंसाली नहीं, बल्कि राजस्थान सरकार है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार को इस मामले पर अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी की भावनाओं से खेलना व ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ करना उचित नहीं है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या इतिहास की कहानियों पर बनाई जाने वाली बॉलीवुड फिल्मों पर राजनीति की जानी चाहिए? इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 7541 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 26.3 फीसदी (1983 वोट) पाठकों ने माना कि इन फिल्मों पर राजनीति होनी चाहिए। जबकि 69.79 फीसदी पाठक (5263 वोट) लोगों का कहना है कि इन फिल्मों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। वहीं, 3.91 फीसदी (295 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।