भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर मानवता के कारण इन दिनों काफी सुर्खियों में है। गंभीर ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए आतंकी हमले में शहीद हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस के एएसआई अब्दुल रशीद की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।
बता दें कि अब्दुल रशीद कश्मीर के अनंतनाग में आतंकी मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। गौरतलब है कि रशीद की बेटी जोहरा की रोती तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई थी। उसको देखकर हर कोई भावुक हो गए थे। गौतम गंभीर ने शहीद की बेटी जोहरा की पढ़ाई के खर्च उठाने की घोषणा ट्विटर पर की।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था, जोहरा प्लीज इन आंसुओं को जमीन पर नहीं गिरने दो। मुझे शक है कि धरती मां भी शायद इस दर्द का बोझ उठा पाएं। तुम्हारे शहीद अब्दुल रशीद पिता को सलाम। मैं तुम्हें लोरी गाकर सुला नहीं सकता लेकिन आपके सपनों को साकार करने में मदद करूंगा।
मालूम हो कि गंभीर इससे पहले भी शहीदों के बच्चों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। इसी साल अप्रैल में छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के परिवारों की मदद की थी। उन्होंने शहीद 25 जवानों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च गौतम गंभीर फाउंडेशन के जरिए वहन करने का ऐलान किया था।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या गौतम गंभीर की तरह हर सेलिब्रिटी को ऐसा करना चाहिए?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 13,428 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में सबसे अधिक 91.55 फीसदी यानि 12,294 पाठकों ने माना कि हर सेलिब्रिटी को गौतम गंभीर की तरह करना चाहिए। जबकि 2.58 फीसदी यानि 346 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 5.87 फीसदी यानि 788 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।