भारतीय सीनेमा में इन दिनों इतिहास पर आधारित फिल्म 'पद्मावती' की चर्चाएं हैं। कई संगठन इस फिल्म की विरोध कर रहे हैं। ऐसे में 'पद्मावती' के मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज डेट टालने का फैसला लिया है।
फिलहाल नई तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। वहीं करणी सेना के लोकेंद्र सिंह कल्वी का कहना है कि फिल्म की अगली रिलीज डेट पर भी इसका विरोध जारी रखा जाएगा।
राजपूत संगठनों की मांगों को समर्थन देते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा कि विवादित दृश्यों को हटाने के बाद ही फिल्म को यूपी में दिखाने की इजाजत दी जाएगी।
'पद्मावती' के मेकर्स की ओर से ये बड़ा फैसला क्यों लिया गया फिलहाल इसका कोई खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन फिल्म पर जारी विवाद इसकी रिलीज डेट टालने की एक बड़ी वजह बन सकती है। साथ ही सेंसर बोर्ड ने फिल्म 'पद्मावती' भी अभी तक नहीं देखी है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आपको लगता है कि पद्मावती की रिलीज पीछे हटने से यह विवाद अब खत्म हो जाएगा? सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 8,608 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 21.82 फीसदी (1878 वोट) पाठकों ने माना कि इससे जारी विवाद खत्म हो जाएगा। जबकि 71.45 फीसदी पाठक (6150 वोट) लोगों ने कहा कि इससे विवाद खत्म नहीं होगा। वहीं, 6.74 फीसदी (580 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।