कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। राहुल ने इस पार्टी का आयोजन दिल्ली के ताज होटल में किया। जहां धार्मिक और सियासी जमावड़े के साथ ही विपक्ष के नेताओं ने भी शिरकत की।
राहुल की इफ्तारी में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रतिभा पाटिल और पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी भी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि राहुल ने इस पार्टी में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को नहीं बुलाया। जबकि सपा का कोई भी नेता राहुल की इफ्तार पार्टी में नहीं पहुंचा है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक ओर राहुल भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोल रहे हैं वहीं बढ़ती महंगाई से उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या राहुल गांधी द्वारा आयोजित की जा रही इफ्तार पार्टी से विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट हो सकेगा?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 3306 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 37.93 फीसदी (1254 वोट) पाठकों ने माना कि राहुल गांधी द्वारा आयोजित की जा रही इफ्तार पार्टी से विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट हो सकेगा। जबकि 62.07 फीसदी (2052) पाठकों ने माना कि राहुल गांधी द्वारा आयोजित की जा रही इफ्तार पार्टी से विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट नहीं हो सकेगा।