कालेधन के मामले में भारत की रैंकिंग दुनिया के 61 वें देश से खिसक कर 75 वें स्थान पर आ गई है। साल 2007 तक स्विस बैंको में काला धन रखने के मामले में भारत शीर्ष 50 देशों में शामिल था। प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता संभालने के बाद कालेधन पर लगाम लगाने के लिए कई प्रयास किए गए हैं। अमर उजाला द्वारा किए गए पोल में यह बात सामने आई है कि कालेधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिम रंग ला रही है। इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल कराया जिसमें पाठकों की राय मांगी गई थी। पोल में 6088 पाठकों ने हिस्सा लिया और वोट के माध्यम से अपनी राय व्यक्त की।
पोल में पूछा गया था कि ' भारत कालेधन के मामले में 75 वें स्थान पर पहुंच गया है। क्या लोग अपना काला धन स्विस बैंकों से निकाल रहे हैं या फिर यह पीएम मोदी की मुहिम का असर है? ' इस सवाल पर पाठकों के समक्ष तीन विकल्प रखे गए थे। पहला विकल्प था कि 'हां, पीएम मोदी की मेहनत रंग ला रही है', दूसरा विकल्प था 'नहीं, लोग अपना काला धन बैंकों से निकाल रहे हैं' और तीसरा विकल्प था 'कुछ कहा नहीं जा सकता'।
पोल में पाठको ने पहले विकल्प को ज्यादा तरजीह दी और कुल 6088 मतों में से 4,049 इस विकल्प को मिले। यानी 66.61% पाठकों का मानना था कि पीएम मोदी की मुहिम रंग ला रही है। वहीं 1740 पाठक यानी 28.58% लोगों का यह मानना था कि लोग अपना कालाधन बैंकों से निकाल रहे हैं। तीसरे विकल्प के पक्ष में 4.91% मत पड़े।
Published By Rahul Sankrityayan