अखिलेश कैबिनेट ने 17 ओबीसी जातियों को दलित कोटे में डालने के फैसले पर मुहर लगा दी। अखिलेश ने यह फैसला ऐसे समय लिया जब यूपी विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। ऐसे में कयास यही लगाए जा रहे हैं कि अखिलेश का 17 ओबीसी जातियों को दलित कोटे में डालने का फैसला कहीं न कहीं चुनावी फायदे की मंशा के तहत है। इसलिए, अमर उजाला पोल में पाठकों से पूछा गया कि क्या वाकई में अखिलेश को इस फैसले का चुनावी फायदा मिलेगा?
पोल में कुल 8812 पाठकों ने राय व्यक्त की। सबसे ज्यादा 56.33 फीसदी (4964) पाठकों ने कहा कि जातियों में परिवर्तन के इस फैसले से अखिलेश को चुनावी फायदा नहीं होगा। 40.26 फीसदी (3548) पाठकों का मानना है कि चुनाव से पहले लिए गए इस फैसले से अखिलेश को चुनावी फायदा मिलेगा। वहीं, 3.4 फीसदी (300) पाठकों ने कहा कि वे इस बारे में कुछ भी कह नहीं सकते।
बहरहाल, चुनाव से पहले राजनीतिक दलों का जन हिमायती होना आम बात है। ऐसे में आने वाले दिनों में जनता के सरोकारों से जुड़े और फैसले लिए जाएं तो हैरत नहीं होनी चाहिए।