आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगने से महागठबंधन पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। इसके कारण बिहार की सियासत नीतीश की सरकार गिरने और राष्ट्रपति शासन की तरफ बढ़ रही है।
इस मामले में बिहार के पूरे घटना क्रम पर भाजपा की नजर बनी हुई है लेकिन राजनीतिक विशलेशकों का मानना है कि भाजपा इस स्थिति में नीतीश कुमार को समर्थन नहीं देगी। वहीं, सिद्धांतों की दुहाई देने वाले नीतीश आखिर तेजस्वी के मामले में इतने कमजोर क्यों पड़ गए है। मांझी और सुशील मोदी ने तेजस्वी पर कार्रवाई करने के लिए नीतीश पर अब जोरदार दवाब बनाना शुरू कर दिया है।
बहरहाल, पूरे संकट से निपटने के लिए नीतीश कुमार ने मंगलवार को पार्टी की बैठक बुलाई है लेकिन उनके लिए इस चक्रव्यूह से निकलना इतना आसान नहीं है।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आप मानते हैं कि लालू परिवार पर कार्रवाई से संकट में आ सकती है नीतीश सरकार?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 28,400 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में 58.29 फीसदी यानि 16,555 पाठकों ने माना कि लालू परिवार पर कार्रवाई से संकट में आ सकती है नीतीश सरकार। जबकि 37.77 फीसदी यानि 10,728 पाठकों ने उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 3.93 फीसदी यानि 1,117 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।