शनिवार (24 फरवरी) को केंद्र सरकार ने हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक के साथ हजारों करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले नीरव मोदी पर कड़ा एक्शन लेते हुए उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया। नीरव मोदी के साथ-साथ उनके मामा और गहना कारोबारी, गीतांजलि ज्वेलर्स के प्रमोटर मेहुल चोकसी का भी पासपोर्ट रद्द कर दिया गया। इस क्रम में नीरव के भाई निशाल मोदी और नीरव की पत्नी एमी मोदी का पासपोर्ट अभी रद्द नहीं किया गया।
बता दें कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने इससे पहले नीरव मोदी के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि उन्हें पासपोर्ट रद्द करने के संदर्भ में ई-मेल से कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। इसमें नीरव मोदी को एक सप्ताह का समय दिया था। विदेश मंत्रालय के सूत्र बताते हैं कि यह अवधि बीत जाने के बाद शनिवार को नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के पासपोर्ट को अवैध करार दे दिया गया।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का पासपोर्ट रद्द करने से वह देश लौट आएंगे?'
पोल के जवाब में हमें कुल 2,862 वोट मिले। इनमें 23.38 फीसदी (669 वोट) पाठकों ने माना कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी का पासपोर्ट रद्द करने के बाद वह देश लौट आएंगे, जबकि 76.62 फीसदी (2,193 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि पासपोर्ट रद्द करने के बावजूद नीरव मोदी और मेहुल चोकसी वापस देश नहीं लौटेंगे।