हाल ही में राजस्थान सरकार ने कांस्टेबल भर्ती परीक्षा नकल रहित बनाने के लिए राज्य में इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी थी। प्रशासन की ओर से यह एलान किया गया था कि परीक्षा में नकल को रोकने के लिए शनिवार और रविवार को इंटरनेट सेवा बाधित रहेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल इस परीक्षा में जमकर नकल हुई थी, जिसमें 10 से ज्यादा एफआईआर और 30 से अधिक गिरफ्तारियां की गईं थीं। बाद में परीक्षा को रद्द करना पड़ा था। पुलिस को इस बार भी वॉट्सएप के जरिए प्रश्न पत्र वायरल होने का संदेह था। इस कारण ‘न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी’ के तहत दोनों दिन 10-10 घंटे नेट बंद करने का उपाय किया गया।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'नकल रोकने के लिए परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगानी चाहिए?'
पोल के जवाब में हमें कुल 3,770 वोट मिले। इनमें 73.05 फीसदी (2,754 वोट) पाठकों ने माना कि नकल रोकने के लिए परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगानी चाहिए, जबकि 26.95 फीसदी (1016 वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि नकल रोकने के लिए परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवाओं पर रोक नहीं लगानी चाहिए।