लव जेहाद के नाम पर राजस्थान के राजसमंद में दर्दनाक और निर्मम वीडियो सामने आया है। आरोपी ने अफराजूल नाम के एक मुस्लिम शख्स पर कुदाल से कई वार करने के बाद उसके शव को जला दिया। इस दर्दनाक मंजर का आरोपी ने वीडियो भी बनवाया जिसके बाद यह इंटरनेट पर वायरल हो गया।
वीडियो में आरोपी यह कहते हुए नजर आ रहा है कि अगर भारत में लव जिहाद खत्म नहीं हुआ तो हर भारतीय का यही हाल होगा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हत्या के वीडियो के कारण पुलिस के हाथ-पांच फूले हुए हैं। इस निर्मम हत्या केस में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं किसी भी समुदाय में अशांति नहीं फैले इसके लिए राजसमंद में समझाइश के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'लव जेहाद के नाम पर क्या हमारा सामाज ISIS की तरह बर्बरता पर उतारू हो गया है? सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 7472 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 62.54 फीसदी (4673 वोट) ने माना सामाज ISIS की तरह बर्बरता पर उतारू हो गया है। जबकि 34.05 फीसदी पाठक (2544 वोट) ने माना ऐसा नहीं है। वहीं, 3.41 फीसदी (255 वोट) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।