पाकिस्तान आम चुनाव के सभी नतीजों की आधिकारिक घोषणा हो गई है। क्रिकेटर से राजनीति में आए इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) 115 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। फिर भी सरकार बनाने के लिए जरूरी सांसदों का आंकड़ा उसके पास नहीं है। ऐसे में पीएम बनने के लिए इमरान को छोटे दलों और निर्दलीय सांसदों की मदद लेनी होगी। 342 सदस्यीय पाकिस्तान नेशनल असेंबली में 272 सांसद सीधे तौर पर जनता द्वारा चुनकर आते हैं, जबकि 60 सीटें महिलाओं और 10 सीटें अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 137 सांसदों की जरूरत होगी।