देशभर में चार लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना पड़ा है। भाजपा को मिली ये हार इस साल होने वाले तीन राज्यों के चुनावों में मुश्किल खड़ी कर सकती हैं।
कांग्रेस भी कर्नाटक में भाजपा का विजयी रथ रोकने के बाद अब मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में होने वाले चुनावों के लिए कमर कस चुकी है। पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी 6 जून को मंदसौर गोलीकांड की पहली बरसी पर किसानों के बीच होंगे। वह पिछले साल भी इस घटना के बाद यहां पहुंचे थे।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या किसान आंदोलन का असर इस साल होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 3962 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 80.36 फीसदी (3184 वोट) पाठकों ने माना कि किसान आंदोलन का असर इस साल होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों पर भी पड़ेगा। जबकि 19.64 फीसदी (778) पाठकों ने माना कि किसान आंदोलन का असर इस साल होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों पर नहीं पड़ेगा।