गुजरात में 9 और 14 दिसंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि पाटीदार समुदाय से आने वाले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल इसमें किंग मेकर साबित हो सकते हैं। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है हार्दिक जिस पार्टी को सपोर्ट करेंगे ये समुदाय उसी पार्टी को वोट देगा। इसलिए देश की विभिन्न पार्टियों के बड़े नेताओं की नजर उनपर है।
हार्दिक पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के अध्यक्ष हैं और पाटीदार समुदाय के लिए नौकरी और शिक्षा में आरक्षण की मांग के साथ 2015 में सड़कों पर उतरे और पाटीदार युवाओं की आवाज बने। हार्दिक की पाटीदार समुदाय में कितनी पकड़ है यह साबित होना अभी बाकी है।
शायद यही वजह है कि 24 साल के इस पाटीदार युवक ने महज दो महीनों में वो कर दिखाया जो कांग्रेस ही नहीं गुजरात के कई नेता दशकों से नहीं कर पाए। रातों-रात नेशनल मीडिया में छा जाने वाले हार्दिक चुनावी मैदान में भले न उतरे हों लेकिन वो एक पक्के नेता जरूर हैं।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या गुजरात विधानसभा में हार्दिक पटेल किंग मेकर बनकर उभरेंगे? इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 10,003 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 31.9 फीसदी (3191) पाठकों ने माना कि हार्दिक चुनाव में किंग मेकर बनकर उभरेंगे। जबकि 64.89 फीसदी पाठक (6491) लोगों का कहना है कि हार्दिक का रोल विधानसभा चुनाव में किंग मेकर का नहीं होगा। वहीं, 3.21 फीसदी (321) पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।