गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में पिछले शुक्रवार को हुई दिल दहला देने वाली घटना को लेकर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि लापरवाही की वजह से इन बच्चों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालो पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जो एक मिसाल बन जाएगी। आगे उन्होंने कहा कि इंसेफलाइटिस को लेकर हमने समय-समय पर चर्चा की है। साथ ही सीएम योगी ने कहा कि मैंने यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ी है। इस बीमारी के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़नी होगी।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या यूपी में इंसेफ्लाइटिस की रोकथाम में अब तक की सरकारें सफल नहीं हो पाई हैं?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 11,357 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में सबसे अधिक 65.18 फीसदी यानि 7,403 पाठकों ने माना कि इंसेफ्लाइटिस की रोकथाम में अब तक की सरकारें सफल नहीं हो पाई हैं। जबकि 30.18 फीसदी यानि 3,427 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 4.64 फीसदी यानि 527 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।