वन रैंक वन पेंशन को लेकर पूर्व सैनिक की आत्महत्या का बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनीतिक गलियारे में भी हलचल मची हुई है। इसी बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष ने खत्म हुए पूर्व सैनिक के बेटे की पिटाई का वीडियो ट्विटर पर डाल दिया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राहुल गांधी से मिलने की कोशिश करने वाले बेटे को पुलिस पीट रही है। रामकिशन के बेटे ने कहा कि वह राहुल गांधी से मुलाकात करना चाहता था, लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया। पुलिस वालों ने लात-घूंसों से मारा और गाली गलौज भी की।
पूर्व सैनिक के बेटे की पिटाई पर अमर उजाला डॉट कॉम ने अपने पाठकों से सवाल किया और उनकी राय जाननी चाही। सवाल था कि खुदकुशी करने वाले पूर्व सैनिक के बेटे को हिरासत में लिए जाने को आप सही मानते हैं? इसमें पाठकों को तीन विकल्प दिए गए पहला हां, दूसरा नहीं और तीसरा कह नहीं सकते।
कुल 5,488 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया और उसमें सबसे अधिक 61.57 फीसदी यानी 3,379 पाठकों ने दूसरे विकल्प को चुना। पाठकों का मानना है कि पूर्व सैनिक के बेटे को हिरासत में लिया जाना गलत था। 32.29 फीसदी 1,772 पाठकों का मानना है कि पूर्व सैनिक के बेटे को पकड़ा जाना सही था। वहीं 6.14 फीसदी यानी 337 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।