दिल्ली के 449 प्राइवेट स्कूल को टेकओवर करने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को एलजी की मंजूरी मिलने के बाद अभिभावकों में एक अलग ही खुशी दिखी। दिल्ली सरकार इन स्कूलों को टेकओवर करने की सभी कानूनी पेंच को दूर कर चुकी है।
अब स्कूलों के पास अब केवल दो ही विकल्प बचे हैं या तो वे बढ़ाई गई फीस लौटाएं या फिर सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाएं। हालांकि, सबसे बड़ी बात यह है कि जब से स्कूलों ने देखा कि दिल्ली सरकार सख्त है और टेकओवर भी कर सकती है तब से अभी तक 449 में से 17 स्कूल मनमानी बढ़ाई फीस कोर्ट में जमा करवा चुके हैं।
मालूम हो कि दिल्ली के निजी स्कूलों में मनमानी फीस वसूलने के मामले में दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने सभी विद्यालयों को शोकॉज नोटिस भेजा था।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या आप मानते हैं कि 'आप' सरकार के इस कदम से दिल्ली में शिक्षा का स्तर सुधरेगा?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 9,958 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में सबसे अधिक 75.69 फीसदी यानि 7,537 पाठकों ने माना कि आप सरकार के इस कदम से शिक्षा के स्तर में सुधआर होगा। जबकि मात्र 20.4 फीसदी यानि 2,031 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत नहीं हुए। वहीं, 3.92 फीसदी यानि 390 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।