यूपी में सीएम अखिलेश यादव और उनके चाचा और कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के बीच कथित तौर पर मनमुटाव की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि नाराज शिवपाल यादव ने पिछले दिनों कैबिनेट की बैठक में भी हिस्सा नहीं लिया। यादव परिवार की आंतरिक कलह का असल कारण तो साफ नहीं हो सका है लेकिन बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव ने इस बात से दुखी हैं कि उनकी बात नहीं सुनी जा रही है और पार्टी के नेता और अफसर करप्शन में लिप्त हैं। वजह जो भी हो लेकिन चुनाव से ठीक पहले यादव परिवार में कलह की खबरों से विपक्ष जरूर खुश होगा। अमर उजाला ने पोल कराकर पाठकों से पूछा था कि क्या इस आंतरिक कलह से 2017 चुनाव में सपा को नुकसान होगा? करीब 4,654 पाठकों ने इस सवाल पर अपनी राय साझा की।
करीब 76.06 फीसदी पाठकों का मानना है कि यादव परिवार में आंतरिक कलह से 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा सरकार को नुकसान होगा। वहीं, 20.31 फीसदी लोग मानते हैं कि परिवार की आंतरिक कलह से सपा को नुकसान नहीं होगा। करीब 3.63 फीसदी लोग इस मामले पर किसी निर्णय पर पहुंचने की स्थिति में नहीं है।