अरुणाचल प्रदेश से लगती सीमा पर अपने इलाके में चीन ने व्यापक पैमाने पर सोना, चांदी और अन्य कीमतों खनिजों के खनन का काम शुरू किया है। इनकी कीमत करीब 60 अरब डॉलर आंकी गई है। चीन की इस हरकत से एक बार फिर सीमा पर तनाव बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है।
हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय सीमा से लगते चीन के लुंझ काउंटी में खनन का काम चल रहा है। चीन अरुणाचल को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताकर अपना दावा जताता रहा है। ऐसे में सीमा से सटे इस इलाके में खनन के काम से दोकलम के बाद फिर से दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'अरुणाचल सीमा पर चीन के खनन करने से क्या दोनों देशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ेगा?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 2379 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 88.06 फीसदी (2095 वोट) पाठकों ने माना कि अरुणाचल सीमा पर चीन के खनन करने से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ेगा। जबकि 11.94 फीसदी (284) पाठकों ने माना कि अरुणाचल सीमा पर चीन के खनन करने से दोनों देशों के बीच तनाव नहीं बढ़ेगा।