ब्लैकबेरी का कीवन स्मार्टफोन को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। बता दें कि इस BlackBerry KEYone स्मार्टफोन को कंपनी के हार्डवेयर पार्टनर TCL ने तैयार किया है। इस फोन की पहली झलक फरवरी में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में देखने को मिली थी। हालांकि, भारत में लॉन्च से पहले इस स्मार्टफोन को 6 महीने पहले बार्सिलोना में आयोजित MWC 2017 में शोकेस किया गया था। इस स्मार्ट फोन की कीमत 39,990 रुपये बताई गई है।
इस फोन में पुराने फोन जैसा ही फिजिकल की-बोर्ड दिया गया है लेकिन स्क्रीन पहले से बड़ी है। TCL द्वारा बनाया गया ब्लैकबेरी कीवन स्मार्टफोन स्पेशल स्पेस बार के साथ लैस किया गया है जो फिंगरप्रिंट स्कैनर के रूप में भी कार्य करता है। गौरतलब है कि स्मार्टफोन ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट अमेजन पर 8 अगस्त से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
इस पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या ब्लैकबेरी का यह स्मार्टफोन KEYone कंपनी के लिए कमबैक प्रॉडक्ट साबित होगा?' इस सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 4,212 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। पोल में 43.61 फीसदी यानि 1,837 पाठक उपरोक्त सवाल से सहमत हुए। जबकि मात्र 45.01 फीसदी यानि 1,896 पाठकों ने माना कि ब्लैकबेरी का कीवन स्मार्ट फोन कंपनी के लिए कमबैक प्रॉडक्ट साबित नहीं होगा। वहीं,11.37 फीसदी यानि 479 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।