सोशल मीडिया पर जवानों की शिकायत भरी वीडियो के वायरल होने पर सेना प्रमुख बिपिन रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने 69वें सेना दिवस के मौके पर जवानों को सख्त लहजे में कड़ी हिदायत दी। इन शिकायती वीडियो के मसले पर रावत ने कहा कि सेना के कुछ साथी अपनी समस्या को लेकर सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं जिसका असर सीमा पर तैनात बहादुर जवानों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि शिकायत इस तरीके से सोशल मीडिया पर करने को जुर्म माना जाएगा। इस वजह से उन्हें सजा या उनके खिलाफ सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं। रावत ने कहा कि जवान अपनी शिकायत को सोशल मीडिया के बजाय उचित प्लेटफार्म पर अपनी समस्या को बताएं। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि सेना के जवान सीधे उनसे भी संपर्क कर सकते हैं।
जवानों को दी गई हिदायत पर अमर उजाला डॉट कॉम ने पोल किया। पोल में सवाल पूछा, 'क्या जवानों की समस्याओं पर मचे बवाल से सेना सरकार ठीक ढंग से निपट रहे हैं?'
पोल में कुल 9,534 पाठकों ने हिस्सा लिया। सबसे अधिक 66.30 फीसदी यानि 6,321 पाठकों ने माना कि जवानों की समस्या पर मचे बवाल से सेना-सरकार ठीक ढंग से नहीं निपट रहे हैं। 30.76 फीसदी यानि 2,933 पाठकों ने माना कि सरकार और सेना कारगर कदम उठा रहे हैं। वहीं 2.94 फीसदी यानि 280 फीसदी पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।