बिहार के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम रेप कांड पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पटना में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हम किसी को बख्शने वाले नहीं हैं। हमने आज तक समझौता नहीं किया। लेकिन अगर फिर भी हमें गाली देने ही तो दीजिए। कैसे कैसे लोगों से गाली दिलवा रहे हैं।'
उन्होंने मीडिया से इशारों में कहा 'जरा सकारात्मक खबरों पर भी नजरें डालिए। अगर एक दो नकारात्मक घटना हो गई और उसी पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन हमारा मकसद एकदम साफ है। जो गलत करेगा वो अंदर जाएगा। और उसको बचाने वाला भी नहीं बचेगा।'
इस विषय पर अमर उजाला डॉट.कॉम ने पोल कराया और पाठकों से सवाल पूछा कि 'क्या बिहार के बालिका गृहों में हुई उत्पीड़न की घटना पर की जा रही कार्रवाई पर्याप्त है?' सवाल के जवाब में पाठकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कुल 3515 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया। 27 फीसदी (949 वोट) पाठकों ने माना कि बिहार के बालिका गृहों में हुई उत्पीड़न की घटना पर की जा रही कार्रवाई पर्याप्त है। जबकि 73 फीसदी (2566 वोट) पाठकों ने माना कि बिहार के बालिका गृहों में हुई उत्पीड़न की घटना पर की जा रही कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।