50.64 फीसदी पाठक मानते हैं कि शहीद की बेटी और दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा गुरमेहर कौर पर दिया गया केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू का बयान अशोभनीय है। रिजिजू ने कहा था कि शहीद की बेटी का दिमाग किसी ने खराब किया है।
दअसल, 'मेरे पिता को पाकिस्तान ने नहीं मारा, उन्हें युद्ध ने मारा' लिखी तख्ती को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा गुरमेहर कौर ने सोशल मीडिया पर शांति की मुहिम चलाई थी। मुहिम वाला वीडिया वायरल हुआ। गुरमेहर कौन की अन्य बातों पर तो लोगों का ध्यान कम गया लेकिन उनकी पाकिस्तान वाली बात पर ज्यादातर लोगों का ध्यान टिक गया। इसके बाद मचा बवाल प्रतिक्रियाओं के सैलाब में सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं को भी बहा लाया और केद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने यहां तक कह दिया कि शहीद की बेटी' का दिमाग किसी ने खराब किया है।
गुरमेहर कौर और रिजिजू के बयान के बाद मचे घमासान को देखते हुए अमर उजाला ने ऑनलाइन पोल के जरिए पाठकों की राय जाननी चाही। पोल में सवाल किया गया कि क्या केंद्रीय मंत्री रिजिजू का यह कहना अशोभनीय है कि 'शहीद की बेटी' का दिमाग किसी ने खराब किया है?
सबसे ज्यादा 50.64 फीसदी (8519) पाठकों ने रिजिजू के बयान की निंदा की है। 47.42 फीसदी (7978) पाठकों ने रिजिजू के बयान का समर्थन किया है। वहीं 1.94 (327) पाठकों ने इस सवाल का जवाब देने में असमर्थता जताई। पोल में कुल 16,824 पाठकों ने हिस्सा लिया।