अमर उजाला बतरस एक और हफ्ते नए एपिसोड के साथ हाजिर है। इस हफ्ते पॉडकास्ट के केंद्र में रहीं आम लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी दो समस्याएं- हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट, जिन्हें बोलचाल की भाषा में दिल से जुड़ी एक ही बीमारी माना जाता है। लोकप्रिय एंकर और पत्रकार ऋचा अनिरुद्ध ने इस हफ्ते बतरस में इन्हीं दो स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर दो विशेषज्ञों से बात की और जाना कि इनमें क्या फर्क है।
इस पूरे पॉडकास्ट को आप शनिवार रात आठ बजे अमर उजाला के सभी सोशल मीडिया हैंडल्स पर सुन सकते हैं।
ऋचा अनिरुद्ध ने अमर उजाला के स्टूडियो में जिन दो विशेषज्ञों से चर्चा की, उनमें फिटनेस एक्सपर्ट और जिम ट्रेनर नंदन सिंह और अपोलो अस्पताल दिल्ली के कार्डियक सर्जन डॉ.निरंजन हिरेमठ शामिल रहे। दोनों ही विशेषज्ञों ने कई अहम सवालों के जवाब दिए। मसलन- हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में क्या फर्क है? कार्डियक अरेस्ट क्यों आता है? गलत लाइफस्टाइल से दिल को सीधा खतरा कैसे पैदा होता है? युवाओं में कार्डियक अरेस्ट का खतरा क्यों बढ़ता जा रहा है? नाचते, खेलते कार्डियक अरेस्ट क्यों?
बतरस में विशेषज्ञों ने न सिर्फ हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट का फर्क बताया, बल्कि दिल के उन संकेतों के बारे में भी बताया, जो ऐसे खतरों के बारे में पहले से ही चेतावनी की तरह लिए जाने चाहिए। साथ ही बताया कि दवाईयों, सप्लीमेंट का कितना असर सीधे दिल पर होता है और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के मामले में क्या एंटी एजिंग दवाएं जिम्मेदार रही होंगी? इसके अलावा दोनों ने युवाओं में शराब और ड्रग्स के बढ़ते चलन और इससे जुड़ी समस्याओं को लेकर भी अहम जानकारी दी।