एक जमाने में समाजवादी पार्टी के सिरमौर कहे जाने वाले नेता एवं राज्य सभा सांसद अमर सिंह ने बुधवार को भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी के अँगने में पल-पल दिल के पास तुम रहते हो..गीत गाया। दरअसल अडवाणी का आज 90वां जन्मदिवस था।
दिल्ली के उनके 30 पृथ्वी राज रोड के आवास पर बुधवार सुबह से भाजपा और अन्य नेताओं का पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, रविशंकर प्रसाद, अन्त कुमार , जयन्त सिन्हा, शत्रुघ्न सिन्हा और आरती मेहरा सरीखे तमाम नेता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आडवाणी के निवास पर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने के सिलसिले में ही अमर सिंह उनके आवास पर करीब 3 बजे पहुंचे। अमर जब आडवाणी के आवास पर पहुंचे तब ही लॉन में बैठे आडवाणी कमरे के अंदर चले गए।
इस बीच लॉन में एक सरदार जी गीत गा रहे थे। खुशी के माहौल में वे आगंतुकों के मुंह पर माइक लगा दे रहे थे। और गीत गुनगुनाने का आग्रह करने लगते थे।उनके इसी अंदाज में अमर सिंह फंस गए। सरदार जी ने अमर सिंह के सामने माइक लगाते ही म्यूजिक बजा दिया। तब अमर सिंह को गीत गाना ही पड़ा। अमर ने सरदार जी का सम्मान रखते हुए गीत गुनाया, पल-पल दिल के पास तुम रहते हो....।