यूपी में योगी सरकार आने के बाद लगातार बदहाल होती कानून व्यवस्था के बीच अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें किसी का भी खौफ नहीं है। इसकी बानगी उस समय देखने को मिली जब इलाहाबाद में पुलिस मुख्यालय से कुछ कदमों की दूरी पर ही रिटायर्ड डीआईजी के ठेकेदार बेटे को दिनदहाड़े गोली मार दी गई।
कातिलों ने परिवार के सामने ही युवक के सीने में गोली मारी और आराम से फरार हो गए। अपनी आंखों के सामने पति की मौत का मंजर देखने वाली पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की लाश घर में रखकर बैठी पत्नी ने ऐलान कर दिया है कि जब तक मुख्यमंत्री योगी खुद उसके घर आकर कातिलों को ढूंढ निकालने का आश्वासन नहीं देते तब तक वह पति का अंतिम संस्कार नहीं होने देगी।
इलाहाबाद में पॉश इलाके सिविल लाइंस में ठेकेदार पति को खोने वाली अन्नू आज मीडिया के सामने फूट फूट कर रोई। मीडिया से बात करते हुए अन्नू ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे एजी आफिस चौराहे के निकट उनकी कार पर बाइक सवारों ने हमला बोल दिया। बदमाशों ने दो गोली मारी।
एक गोली सीने में लगते ही धीरज जमीन पर गिर पड़े। हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ा और चाबी निकालने का प्रयास किया। आसपास के लोग पकड़ने को दौड़े तो हमलावर पैदल ही राजापुर की ओर भाग गए। हमले में पत्नी अन्नू उर्फ निधि दाहिने कंधे पर छर्रा लगने से जख्मी हैं। आसपास के लोगों के साथ खून से लथपथ पति को उपचार के लिए पास में खड़े ई रिक्शा से एक निजी अस्पताल लेकर गईं, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।