लंबे समय से गांधी परिवार के बेहद करीबी नेता माने जाने वाले अहमद पटेल के निधन पर अनेक राजनेताओं ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी समेत अनेक नेताओं ने अहमद पटेल को याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी है। पटेल पिछले कुछ दिनों से गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती थे।
गुजरात के कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि अहमद पटेल का जाना गुजरात के लोगों के लिए और व्यक्तिगत मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति है। गुजरात के लोगों के लिए उनके बंगले का दरवाजा हमेशा खुला रहता था, गुजरात से आने वाले किसी भी व्यक्ति को दिल्ली में रहने के लिए उनका घर हमेशा एक सहज उपलब्ध ठिकाना होता था। सत्ता के करीब रहकर उन्होंने गुजरात के लिए अनेक योजनाओं को अपने राज्य ले जाने की हमेशा कोशिश करते रहते थे।
मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि सत्ता के बेहद करीब रहकर भी इतना सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले वे विलक्षण व्यक्ति थे। कांग्रेस के किसी भी संकट के समय उनके पास हमेशा एक उपयोगी सलाह रहा करती थी। यही उन्हें सबसे खास बनाता था। उन्होंने कहा कि अनेक लोग राजनीति को अपने हित का साधन मानते हैं, लेकिन अहमद पटेल भाई ने कितने लोगों की व्यक्तिगत स्तर पर मदद की थी, इसकी गिनती करना भी मुश्किल है। उनकी यही खासियत उन्हें सबसे अलग और सबसे खास बनाती थी।
भाजपा नेता प्रेम शुक्ला ने कहा कि अहमद पटेल राजनीतिक रूप से बहुत परिपक्व और मंजे हुए नेता थे। कांग्रेस की नीतियों पर हमेशा उनका असर रहता था। वे कांग्रेस पार्टी के ऐसे चेहरे थे जो बहुत ज्यादा बोलते नहीं थे, लेकिन पर्दे के पीछे रहकर ही सबसे ज्यादा उपयोगी भूमिका निभाया करते थे। इस तरह की सादगी बहुत कम ही लोगों में देखने को मिलती है।