महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने आगामी एक जनवरी से देश में बिकने वाले सभी मोबाइल फोनों में पैनिक बटन अनिवार्य कर दिया है। इस पैनिक बटन को दबाते ही महिलाएं पुलिस के संपर्क में आ जाएंगी।
सरकार मोबाइल फोन में ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम को भी लागू करने जा रही है, ताकि मोबाइल फोन रखने वाले किसी भी व्यक्ति के स्थान का आसानी से पता लगाया जा सके। इस संबंध में सोमवार को संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई।
अधिसूचना के मुताबिक आगामी एक जनवरी, 2017 से भारत में उन्हीं मोबाइल फोनों की बिक्री हो पाएगी जिनमें पैनिक बटन होगा। वहीं एक जनवरी, 2018 से जीपीएस की सुविधा के बगैर मोबाइल फोन की बिक्री की इजाजत नहीं होगी। पैनिक बटन मुख्यत: स्मार्टफोन में होगा, लेकिन बिना इंटरनेट की सुविधा वाले मोबाइल फोन में 5 व 9 अंक दबाकर आपातकालीन संपर्क किया जा सकेगा।