नोटबंदी से कुछ समय की ही जन सामान्य को दिक्कतें हैं। इसके बाद भ्रष्टाचार और कालाधन रखने वालों का धीरे धीरे अंत हो जाएगा। भारत सरकार को जो काला धन मिलेगा उसे गरीब कल्याण योजना में खर्च किया जाएगा। कैशलेस अर्थव्यवस्था के प्रभावी होने पर भ्रष्टाचारियों पर अपने आप अंकुश लगेगा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने उक्त घोषणा रविवार को शास्त्री चौक पर आयोजित सम्मेलन में कहीं। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में टूजी से लेकर कोयला घोटाले तक हुए हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में अर्थव्यवस्था की हालात यह थी कि विकास दर घटकर 4.5 फीसदी आ गई थी।
जनता के प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी के ढाई साल के कार्यकाल में यह दर बढ़कर 7.5 फीसदी हो गई है। नोट बंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि जब कैश रहेगा ही नहीं तो घूसखोरी और कालाधन का सवाल ही नहीं उठता है। आह्वान किया कि ई पेमेंट, ई बैंकिंग के माध्यम से कार्य करें। आज 80 करोड़ लोग क्रेडिट, डेबिट कार्डों का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में नोट बंदी से देश बदलने में युवा भाजपा का सहयोग करें।
बीसीसीआई अध्यक्ष ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को 14 साल बाद राजनीतिक वनवास खत्म होने को आ गया है। प्रदेश में कमल खिलकर ही रहेगा। युवा सम्मेलनों में दिख रहा उत्साह ही इसकी गवाही है। यह युवा 2012 के चुनाव में युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सत्ता दी जिसके बदले में उसे लैपटॉप, बेरोजगारी भत्ता आदि कुछ दिन देकर बेकार कर दिया गया।