फिल्म जॉली एलएलबी- टू की शूटिंग के दूसरे दिन बुधवार को सिने स्टार अक्षय कुमार बल्लेबाजी करते नजर आए। चेतसिंह किला परिसर में पिच पर उतरने के बाद उन्होंने छक्के, चौके की बारिश कर दी। इससे पहले शिवाला घाट पर उन्होंने गंगा में डुबकी लगाई। घाटों से गलियों से लेकर शूटिंग स्थल तक प्रशंसकों की भीड़ उनकी झलक पाने के लिए उतावली नजर आई।
शिवाला घाट पर सुबह ही शूटिंग शुरू हो गई। मुहल्ले के युवाओं की भीड़ बाउंसरों से आगे बढ़ने के लिए उलझती रही। नाव पर अक्षय कुमार और संजय मिश्रा के बीच संवाद की शूटिंग के दौरान फिल्म में वकील का किरदार निभा रहे अक्षय कहते हैं कि चलो हम भी पाप काट लें। गंगा नहा लें। फिर क्या था, उन्होंने झटपट कपड़े उतारे और हर- हर के उद्घोष के साथ डुबकी लगा दी।
इसके बाद फिल्म यूनिट चेतसिंह किला परिसर में पहुंची, जहां पहले से पिच तैयार थी। उस पर खिलाड़ी के उतरने का इंतजार था। यहां इंडियन लेडीज लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में घूंघट -11 और बुरका-11 के बीच मैच खेला गया। बनारसी अंदाज में कंमेट्री भी हुई और सट्टेबाजों ने सट्टा लगाया।
घुंघट-11 की कप्तान अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा थीं। इनकी टीम में निहारिका, सुगंधा, दीपा, रूबी, सुलेखा, छवि, तनु, रुचि, निक्की, निशा थीं। जबकि बुरका-11 टीम की कप्तान अंजलि चांदरानी को बनाया गया था। इस टीम में नेहा, कीर्ति, वर्षा, सीमा, पूजा, सौम्या, हेमा, श्वेता, रोली, पूजा जायसवाल शामिल थीं।