जिस समय अतीक अहमद और अशरफ की हुई हत्या उस दौरान वे मीडिया के कैमरों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। दोनों के हाथ में हथकड़ी बंधी थी अतीक के सिर में गोली मारी उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एनकाउंटर राज का जश्न मनाने वाले भी इस हत्या के जिम्मेदार- असदुद्दीन ओवैसी
अतीक और उनके भाई पुलिस की हिरासत में थे। उन पर हथकड़ियाँ लगी हुई थीं। जय श्री राम के नारे भी लगाए गए। दोनों की हत्या योगी के कानून व्यवस्था की नाकामी है। एनकाउंटर राज का जश्न मनाने वाले भी इस हत्या के जिम्मेदार हैं। जिस समाज में हत्यारे हीरो होते हैं, उस समाज में कोर्ट और इंसाफ के सिस्टम का क्या काम?
यह भी पढ़ें- Atiq Ahmed Murder: उमेश पाल की हत्या से असद के एनकाउंटर और अतीक-अशरफ की हत्या तक, अब तक क्या-क्या हुआ?
स्वतंत्र देव सिंह बोले- पाप-पुण्य का हिसाब इसी जन्म में
यूपी सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पाप-पुण्य का हिसाब इसी जन्म में होता है…
यूपी सरकार अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध
पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि अतीक की जिस तरह से हत्या हुई है हम इसकी निंदा करते हैं। यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस नेता श्रीनिवास बोले उप्र पुलिस ने एक भी गोली नही चलाई
अतीक की हत्या पर कांग्रेस नेता श्रीनिवास ने कहा कि और उप्र पुलिस ने एक भी गोली नही चलाई..?
यह एक आसमानी फैसला- यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह एक आसमानी फैसला है। उनके कई ऐसे केस हैं जिनमें गवाह भी सामने नहीं आते थे। योगी सरकार कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि जब राक्षसों का संहार होता है तब पृथ्वी का भार कम होता है।
कपिल सिब्बल बोले यूपी में हुईं दो हत्याएं
कपिल सिब्बल बोले यूपी में दो हत्याएं हुई हैं। पहली अतीक अहमद और भाई अशरफ की और दूसरी कानून के शासन की।
यूपी में लगे राष्ट्रपति शासन
अतीक और अशरफ की हत्या पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद बोले ये नया यूपी है यहां गोली से फैसला होता है। यूपी में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। न्याय पालिका और कानून किसलिए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पुलिस दोषी हैं। यूपी को कहां लाकर खड़ा कर दिया है।
यूपी के मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए- कांग्रेस नेता राशिद अल्वी
अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि यह यूपी की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। यह कोई बड़ी साजिश लगती है। इसकी पूरी जांच और न्यायिक जांच होनी चाहिए और यूपी के मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Atiq Ahmed: 21 साल पुरानी वह कहानी, जिससे शुरू हुई थी दुश्मनी, पहले उमेश पाल की जान गई, अब अतीक की हत्या
इससे पहले भी सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी योगी सरकार को घेरा था। उन्होंने कहा था कि झूठे एनकाउंटर करके भाजपा सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपाई न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं। आज के व हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जांच-पड़ताल हो और दोषियों को छोड़ा न जाए। सही-गलत के फैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है। भाजपा भाईचारे के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें- UP: 'मेन बात यह है कि गुड्डू मुस्लिम..' हत्या से पहले अशरफ और अतीक के ये थे आखिरी शब्द, 14 सेकंड में खेल खत्म
क्या है मामला?
इससे पहले उमेश पाल हत्याकांड में यूपी एसटीएफ ने माफिया अतीक अहमद के बेटे असद और शूटर गुलाम अहमद का एनकाउंटर कर दिया। कार्रवाई झांसी में की गई। उमेश पाल की हत्या के बाद से पांचों शूटर फरार थे। पुलिस ने अरबाज और उस्मान उर्फ विजय का भी एनकाउंटर कर चुकी है। उमेश पाल को 24 फरवरी 2023 को उनके घर में घुसकर गोलियों से भून दिया गया था। अतीक अहमद का बेटा असद समेत छह शूटर गोली और बम मारते हुए सीसीटीवी में दिखे थे। अगले दिन उमेश की पत्नी ने अतीक, अशरफ, शाइस्ता, अतीक के बेटे, गुड्डू मुस्लिम, उस्मान समेत अतीक के कई अज्ञात गुर्गों और सहयोगियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।