मुजफ्फरनगर में पूर्व डिप्टी सीएम बाबू नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली में सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा और बसपा को आड़ेहाथ लेते हुए हमला बोला है। अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सिर्फ नफरत बांटती है। इतना ही नहीं, उन्होंने भाजपा को ललकारते हुए यह भी कहा कि विकास को लेकर हमसे मुकाबला करे भाजपा।
इस रैली में अखिलेश ने न सिर्फ भाजपा पर हमला बोला, बल्कि बसपा को भी नहीं छोड़ा। बसपा पर तंज कसते हुए अखिलेश बोले कि पिछले एक महीने से बसपा का कोई अता-पता ही नहीं है। लोगों को संबोधित करते हुए वे बोले कि अब बसपा चुनावी मुकाबले से बाहर हो चुकी पार्टी बन गई है। इसके साथ ही साथ अखिलेश ने मुजफ्फरनगर के किसानों को जल्द बकाया दिलाने और 24 घंटे बिजली देने की घोषणा भी कर डाली है।
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी किसानों को भी लुभाने की कोशिश की। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा है कि मुजफ्फरनगर में बाबू नारायण के नाम पर पॉलिटेक्निक तथा इंटर कॉलेज बनाया जाएगा। उन्होंने कहा है कि इन सभी योजनाओं का काम जल्दी से जल्दी पूरा किया जाएगा।