अकासा एयर गुरुवार को तकनीकी समस्याओं का सामना कर रहा है। एयरलाइन की वेबसाइट में टेक्निकल दिक्कत के कारण बुकिंग और चेक इन में समस्या आ रही है। ऐसे में उड़ान कंपनी ने यात्रियों से एयरलाइंस का मोबाइल ऐप या एयरपोर्ट पहुंचकर काउंटर से चेक इन करने का सुझाव दिया है।
सिस्टम में रुक-रुक कर आ रही समस्याएं
अकासा एयरलाइन ने एक्स पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की है। वेबसाइट में खराबी के कारण यात्रियों को चेक-इन और बुकिंग सिस्टम में समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है। कंपनी ने एक्स पोस्ट में बताया कि हमारे सिस्टम में इस समय रुक-रुक कर समस्याएं आ रही हैं और हमारी वेबसाइट पर उपलब्ध कुछ ऑनलाइन सेवाएं, जैसे बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग प्रबंधन सेवाएं अस्थायी रूप से अनुपलब्ध हो सकती हैं।
एयरलाइन ग्राहकों को दी ये सलाह
एयरलाइन ने आग्रह करते हुए कहा कि तत्काल यात्रा की योजना बनाने वाले यात्री चेक-इन के लिए हमारे मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं या हमारे काउंटरों पर चेक-इन करने के लिए हवाई अड्डे पर जल्दी पहुंच सकते हैं। बता दें कि अकासा एयरलाइन प्रति सप्ताह लगभग 1,000 उड़ानें संचालित करती है।
जल्द समाधान की जताई उम्मीद
कंपनी से मिले अपडेट के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण अस्थायी रूप से सेवा प्रभावित हैं। ग्राहकों को हो रही असुविधा के लिए कंपनी ने खेद व्यक्त किया है और आश्वस्त किया है कि उनकी टीमें इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए काम कर रही हैं। वहीं किसी भी सहायता के लिए अकासा ने 24x7 आकाश केयर सेंटर से संपर्क करने की सलाह दी है। मालूम हो कि अकासा एयर के पास 30 विमानों का बेड़ा है और यह 24 घरेलू और 6 अंतर्राष्ट्रीय जगहों को जोड़ता है।