अजीत डोभाल ने इस्लामी गणराज्य ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव और सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अली अकबर अहमदियन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। भारत में ईरान के दूतावास ने इस बारे में जानकारी दी।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) के सचिव डॉ. अली अकबर अहमदियन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने खासकर व्यापार, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर चर्चा की।
विज्ञापन
भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत के प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने इस्लामी गणराज्य ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव और सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अली अकबर अहमदियन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान, डोभाल ने क्षेत्र में ईरान की रचनात्मक भूमिका पर जोर दिया और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने विशेष रूप से चाबहार बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (आईएनएसटीसी) के विकास में भारत की रुचि प्रकट की। उन्होंने ईरान को उसकी निरंतर सहायता और समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया।
पोस्ट में कहा गया कि डॉ. अहमदियन ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान और भारत दो प्राचीन सभ्यताएं हैं तथा इनके बीच गहरे संबंध हैं। दोनों देशों के बीव राजनीतिक और आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने रणनीतिक परियोजनाओं को तेजी से क्रियान्वित करने की आवश्यकता पर बल दिया और दोहराया कि द्विपक्षीय सहयोग क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के व्यापक हितों को पूरा करता है।