कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय
- फोटो : अमर उजाला
यूपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस छोड़ने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस नेतृत्व अजय राय को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारी देने का मन बना रहा है। नेतृत्व की योजना उन्हें अहम भूमिका दे कर खासतौर से पूर्वांचल में अगड़ा वर्ग को सियासी संदेश देने की है। गौरतलब है कि जब इस महीने की शुरुआत में उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया गया था, तब पार्टी में उनके भविष्य को ले कर अटकलों का दौर शुरू हो गया था।
अहम जिम्मेदारी तय करेगा पार्टी नेतृत्व
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद नेतृत्व राय के लिए प्रदेश चुनाव में अहम जिम्मेदारी तय करेगा। नई अध्यक्ष बनाई गई अराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण के दौरान महिला पार्षद ममता चौधरी और राय के समर्थकों के बीच हुए अप्रिय विवाद ने हंगामा खड़ा कर दिया था। तब कयास लग रहे थे कि राय पार्टी को अलविदा कह सकते हैं।
गठबंधन के लिए बातचीत वाली टीम में शामिल करने पर विचार
हालांकि इस विवाद के बाद राय की शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद बीच का रास्ता निकालने पर मंथन हो रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आलाकमान उन्हें चुनाव के लिए अहम भूमिका के साथ उनके प्रभाव वाली सीटों पर अपेक्षित उम्मीदवार उतारने के लिए गठबंधन के लिए बातचीत में भी राय रखने वाली टीम में शामिल करने पर विचार कर रहा है।