Air Services Halted At Many Airports in India: देश के तमाम हवाई अड्डों पर आज एक बार फिर से हवाई सेवाएं कुछ देर के लिए प्रभावित हुईं है। जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण ये सेवाएं बाधित हुईं थी, फिलहाल इसे सुधार लिया गया है। जानें, किस समस्या के कारण हवाई सेवा प्रभावित हुईं...
गुरुवार सुबह देश के कई हवाई अड्डों पर हवाई सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित हुई। जानकारी के मुताबिक, सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को चेक-इन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह कई हवाई अड्डों पर 40 मिनट से अधिक समय तक चली सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण यात्री चेक-इन में आई दिक्कत के कारण हलकान होते रहे।
किन-किन एयरलाइंस की सेवाएं हुई प्रभावित?
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली, मुंबई और अन्य हवाई अड्डों पर इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और अकासा एयर की सेवाएं प्रभावित हुईं। जानकारी के मुताबिक, सॉफ्टवेयर में खराबी के कारण चेक-इन सिस्टम सुबह लगभग 6.45 बजे से 7.28 बजे तक ठप्प रहा।
विज्ञापन
समस्या का हुआ समाधान, सिस्टम हुआ बहाल
एक सूत्र ने बताया कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहा है। सूत्रों ने यह भी बताया कि सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण एयरलाइंस कंपनियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। फिलहाल, इस मामले में एयरलाइंस कंपनियों की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
पहले भी आ चुकी हैं ऐसी दिक्कतें
यह पहली बार नहीं है कि देश के कई हवाई अड्डों पर इस तरह की दिक्कत का सामना यात्रियों को करना पड़ा हो। इससे पहले पिछले साल दिसबंर महीने में भी इस तरह की समस्या के कारण हवाई अड्डों पर यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उस समय थर्ड-पार्टी सिस्टम में आई खराबी के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी-लंबी कतार लग गई थी और उन्हें अपनी यात्रा के लिए कई घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ा था।