दिल्ली के पड़ोसी राज्यों में किसानों के द्वारा पराली जलाने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। सेटेलाइट से मिले चित्रों में साफ दिख रहा है कि दिल्ली के आसपास वाले इलाकों में खेतों में पराली जलाने का सिलसिला जारी है। इसके कारण आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा और खराब हो सकती है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने एक स्टेटमेंट जारी कर कहा कि उन्होंने इसके मद्देनजर पड़ोसी राज्यों की सरकारों से अपील की है कि दिल्ली के लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वे पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाएं।
इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा है कि दिल्ली के प्रदूषण को काबू में रखने के लिए स्थानीय प्रदूषण किसी भी तरह न होने पाए, इसका प्रयास किया जाना चाहिए। कूड़ा जलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है और वातावरण सामान्य होने तक निर्माण गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।
पर्यावरण विभाग ने इस बात का अनुमान लगाया है कि शनिवार-रविवार तक दिल्ली में हवा का प्रवाह पांच किलोमीटर प्रति घंटा से दस किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकता है। इसके साथ ही हवा में नमी की मात्रा बढ़ना भी तय है। पर्यावरण विभाग के मुताबिक हवा का बहाव कम होने और नमी बढ़ने से हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा बढ़ेगी जिसके कारण वायु प्रदूषण बढ़ सकता है और लोगों को सांस लेने में अपेक्षाकृत परेशानी महसूस हो सकती है।
हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार-रविवार तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान भी लगाया है। अगर ऐसा होता है तो दिल्ली की हवा अपेक्षाकृत साफसुथरी रह सकती है।