Air Marshal Rajesh Kumar (File Photo)
- फोटो : ANI
एयर मार्शल राजेश कुमार रविवार से वायुसेना के सामरिक बल कमान के नए प्रमुख का पदभार संभालेंगे। वह एयर मार्शल एनएस ढिल्लन की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
बता दें कि फिलहाल एयर मार्शल राजेश कुमार सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (एओसी-इन-सी) के पद पर हैं। उन्होंने एक जनवरी, 2019 (मंगलवार) को इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था। इससे पहले वह पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ वायु स्टाफ अफसर के पद पर तैनात थे। वह ऐसे दौर में एओसी-इन-सी बने थे जब लखनऊ के बीकेटी और मेमौरा सहित कई वायुसेना स्टेशन का आधुनिकरण किया जा रहा था।
एयर मार्शल राजेश कुमार माओ कॉलेज अजमेर व राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खड़गवासला के पूर्व छात्र हैं। एयर मार्शल राजेश कुमार को जून 1982 में भारतीय वायु सेना की उड़ान शाखा में लड़ाकू पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ था। वह ए श्रेणी के योग्यता प्राप्त उड़ान अनुदेशक, इंस्टरूमेंट रेटिंग इंस्ट्रक्टर व एयर क्रू परीक्षक हैं।
वायु सेना मुख्यालय में विभिन्न स्टाफ नियुक्तियों पर कार्य करने के अलावा उन्होंने अग्रिम क्षेत्रों में तैनात लड़ाकू स्क्वॉड्रन और लड़ाकू बेस को भी कमान किया है। एयर मार्शल राजेश कुमार ने एयर कमांड व स्टाफ कॉलेज मोटगोमरी, अलाबामा और रक्षा प्रबंधन कॉलेज सिकंंदराबाद से स्नातक किया है। वह इजराइल में अवाक्स के वायु सेना प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग टीम के लीडर के रूप में काम कर चुके हैं।
एरोनॉटिक डेवलपमेंट एजेंसी बंगलूरू में भारतीय वायु सेना के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग टीम के निदेशक के रूप में भी उन्हेांने अपनी सेवाएं दी हैं। पराक्रम और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एयर मार्शल राजेश कुमार को वायु सेना मेडल से अलंकृत किया गया है। एयर मार्शल राजेश कुमार गोल्फ के कुशल खिलाड़ी हैं।